Trendingट्रेंडिंग
विज़ुअल स्टोरी

Trending Visual Stories और देखें
विज़ुअल स्टोरी

10.18 करोड़ महिलाओं की सर्विकल कैंसर जांच

आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के ज़रिए बड़ा स्वास्थ्य अभियान

10.18 करोड़ महिलाओं की सर्विकल कैंसर जांच

नई दिल्ली। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। मंत्रालय के अनुसार, आयुष्मान भारत कार्यक्रम के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों (AAMs) और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत अब तक 10.18 करोड़ से अधिक महिलाओं की सर्विकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर की जांच की जा चुकी है। यह जांच 30 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग की महिलाओं के लिए की गई है।

गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान
यह जन-स्वास्थ्य पहल देशभर में गैर-संचारी रोगों (NCDs) की समय पर पहचान, रोकथाम और प्रबंधन के लिए चलाई जा रही है। 30 से 65 वर्ष की आयु की महिलाओं को स्क्रीनिंग प्रक्रिया में शामिल किया गया, जिसमें प्राथमिक स्तर पर एसिटिक एसिड (VIA) की सहायता से जांच की गई। वीआईए पॉजिटिव मामलों को आगे के मूल्यांकन और उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य केंद्रों को रेफर किया गया।

आशा कार्यकर्ताओं की ज़मीनी भूमिका
इस कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही। वे ग्रामीण क्षेत्रों में जोखिमग्रस्त महिलाओं की पहचान, स्क्रीनिंग के लिए प्रेरणा, और CBAC फॉर्म भरने जैसे कार्यों में जुटी रही हैं। आशा कार्यकर्ता न केवल स्क्रीनिंग सुनिश्चित करती हैं, बल्कि समुदाय में स्वस्थ जीवनशैली को लेकर भी जागरूकता फैलाती हैं।

प्रचार और जनभागीदारी से बढ़ाया प्रभाव
राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस, विश्व कैंसर दिवस जैसे कार्यक्रमों के साथ-साथ प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए भी इस कैंसर पर जनजागरूकता फैलाई जा रही है। सरकार की ओर से राज्यों को प्रोग्राम इम्प्लीमेंटेशन प्लान (PIP) के तहत जागरूकता अभियान चलाने हेतु वित्तीय सहयोग भी दिया जाता है।

विशेष अभियान से मिली रफ्तार
मंत्रालय ने 20 फरवरी से 31 मार्च 2025 तक एनसीडी स्क्रीनिंग अभियान चलाया था, जिसमें सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को शामिल किया गया। इस अभियान ने महिलाओं की जांच में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की। 20 जुलाई 2025 तक के राष्ट्रीय एनसीडी पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार, देश की 25.42 करोड़ पात्र महिलाओं में से 10.18 करोड़ की सर्विकल कैंसर स्क्रीनिंग की जा चुकी है।

स्वास्थ्य मंत्री ने लोकसभा में दी जानकारी
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने शुक्रवार को लोकसभा में एक लिखित उत्तर के माध्यम से यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, "यह उपलब्धि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से सभी नागरिकों को सुलभ, समग्र और निवारक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।"